उत्तराखंड

*परमार्थ निकेतन में प्रेम, आस्था और पारिवारिक आत्मीयता के साथ मनाया भाई दूज का पर्व*

देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 11 नवंबर। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर मां गंगा के दिव्य तट स्थित परमार्थ निकेतन में भाई दूज का पर्व श्रद्धा, भक्ति,…

देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 11 नवंबर। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर मां गंगा के दिव्य तट स्थित परमार्थ निकेतन में भाई दूज का पर्व श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और पारिवारिक आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों को तिलक लगाकर उनके सुखद, स्वस्थ, उज्ज्वल एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और भारतीय संस्कृति के संस्कारों के बीच भाई-बहन के निश्छल प्रेम का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ बनाने वाला दिव्य संदेश है। भाई दूज हमें रिश्तों की गरिमा, प्रेम की शक्ति और परिवार की एकात्मता का बोध कराता है। तिलक केवल माथे पर लगाया जाने वाला चंदन या रोली नहीं, बल्कि यह एक-दूसरे के जीवन में शुभता, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना का प्रतीक है।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने परिवारों में प्रेम, संवाद, सम्मान और संवेदनशीलता की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करें। भाई-बहन का संबंध जीवन के सबसे सुंदर और निश्छल संबंधों में से एक है। इसमें बचपन की स्मृतियां, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सदैव मंगलकामना का भाव समाहित रहता है। ऐसे पर्व हमें अपने संबंधों को समय देने और उनमें प्रेम की मिठास बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने युवाओं और नई पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिकता को अपनाएं, तकनीक और ज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ें, लेकिन अपनी जड़ों, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से सदैव जुड़े रहें। रिश्तों को केवल औपचारिकता न बनाएं, बल्कि उनमें समय, संवेदना और सच्चा अपनत्व भी बनाए रखें। परिवार ही वह प्रथम पाठशाला है, जहां प्रेम, त्याग, सहयोग और संस्कारों का बीजारोपण होता है।

उन्होंने कहा कि अपने घरों से प्रेम, व्यवहार से सम्मान और जीवन से सेवा का संदेश प्रसारित करना ही भारतीय संस्कृति की वास्तविक पहचान है।

भाई दूज का यह महोत्सव योगाचार्य गंगा नन्दिनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें विश्व के अनेक देशों से आए प्रतिभागियों ने भी सहभागिता की। परमार्थ निकेतन में आयोजित इस कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और आपसी प्रेम के सार्वभौमिक संदेश को साकार किया।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.