देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में नाबालिग बालक के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित (23 वर्ष) पुत्र गोपाल सिंह निवासी ग्राम राजपुर खुर्द, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी वीरपुर खुर्द, विस्थापित कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वीरपुर खुर्द, नेहरूग्राम निवासी एक महिला ने 9 नवंबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रोहित ने उनके नाबालिग पुत्र के साथ छेड़छाड़ करते हुए गलत हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 591/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 62 बीएनएस एवं धारा 5(M)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम आईडीपीएल क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नामजद आरोपी वीरभद्र मंदिर के पीछे जंगल की ओर साईं घाट जाने वाले रास्ते पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को टीम ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसे 10 नवंबर 2026 को रात 9:20 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा, कांस्टेबल उदयवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।







0 Comments