देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 11 नवंबर। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गत दिवस एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बंदरों की समस्या पर वन मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि बंदरों के आतंक से आमजन, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बंदरों के हमलों और उत्पात के कारण क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग के अधीन आने वाली सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए उनके निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए CAMPA योजना के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
डॉ. अग्रवाल के आग्रह पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित डीएफओ से फोन पर वार्ता की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने वन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन एवं संबंधित विभागों के स्तर पर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।







0 Comments