देवभूमि जेके न्यूज़ ,ऋषिकेश 16 सितंबर 2026-
ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई की गईं। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने 15 सितंबर को मंशा देवी जंगल से अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि 16 सितंबर को श्यामपुर फाटक के पास अवैध शराब परिवहन के मामले में एक अन्य अभियुक्त को वाहन सहित पकड़ा।
मंशा देवी जंगल में 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद
15 सितंबर 2026 को ऋषिकेश के मंशा देवी जंगल में अवैध कच्ची शराब की बिक्री की सूचना पर आबकारी टीम ने कार्रवाई की। मौके से बलविंदर सिंह पुत्र हरदीप सिंह, निवासी मंशा देवी, गुमानीवाला को अवैध रूप से कच्ची शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, अभियुक्त के कब्जे से प्लास्टिक की 200 पन्नियों में लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। प्रत्येक पन्नी में करीब 200 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
श्यामपुर फाटक के पास वाहन से शराब बरामद, एक गिरफ्तार
16 सितंबर 2026 को आबकारी टीम ऋषिकेश ने श्यामपुर फाटक के पास अवैध शराब परिवहन के मामले में बिट्टू कुमार पुत्र मंटू साहनी, निवासी मणिपुर दहिला, बिहार, हाल निवासी वार्ड संख्या 28, बिंदाल बस्ती, देहरादून को वाहन संख्या UK07 AL-8918 सहित गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान वाहन के पायदान पर रखे एक प्लास्टिक कट्टे से इंपीरियल ब्लू शराब के 96 पव्वे तथा वाहन की डिग्गी से माल्टा देशी शराब के 50 पाउच बरामद किए गए। आबकारी विभाग ने अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की।
दोनों कार्रवाइयां आबकारी आयुक्त और संयुक्त आबकारी आयुक्त, गढ़वाल मंडल के निर्देशन में संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत की गईं।
आबकारी टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारी: उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश, अर्जुन सिंह तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार और आशीष चौहान मौजूद रहे।







0 Comments