देवभूमि जेके न्यूज, ऋषिके।
तीर्थनगरी ऋषिकेश के मायाकुंड स्थित वर्ष 1958 में स्थापित प्राचीन भगवान विश्वकर्मा मंदिर में मंगलवार, 10 नवंबर को दीपावली के बाद परंपरागत रूप से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में ठेकेदारों, निर्माण कार्यों से जुड़े व्यवसायियों एवं कारीगरों का एकत्र होना शुरू हो गया।
इस अवसर पर वेलफेयर कांट्रेक्टर एसोसिएशन के सदस्यों ने भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने आहुतियां अर्पित कर अपने व्यवसाय, परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। हवन के उपरांत आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष हरदेव सिंह पनेसर ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्पकला, वास्तुकला और तकनीकी कौशल का अधिष्ठाता माना जाता है। विश्वकर्मा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि मेहनत, हुनर और श्रम के सम्मान का भी प्रतीक है। निर्माण कार्य केवल ईंट, पत्थर और सीमेंट से इमारतें खड़ी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के भविष्य को मजबूत आधार देने का कार्य भी है। उन्होंने ठेकेदारों एवं श्रमिकों से आपसी सहयोग, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने तथा निर्माण कार्यों के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया।
एसोसिएशन के संरक्षक ओमप्रकाश पंत ने भगवान विश्वकर्मा की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें देवताओं का दिव्य शिल्पकार माना गया है। भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और तकनीकी कौशल के प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें अपने कार्य के प्रति समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा रखने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के महासचिव ज्योति सजवाण, आशु पनेसर, नीरज, हरजीत पनेसर, राजाराम भारद्वाज, रामकृष्ण, शिवप्रसाद, अमरीक सिंह, सुरेंद्र सिंह और कुंवर सिंह भंडारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। उपस्थित लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, व्यवसाय में उन्नति और निर्माण कार्यों में निरंतर सफलता की कामना की।
देवभूमि जेके न्यूज, ऋषिकेश।







0 Comments