देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। बैराज कॉलोनी रोड पर शराब बेचने की सूचना पुलिस को देने की बात को लेकर हुए विवाद में कुल्हाड़ी और पाटल से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे एक और नामजद अभियुक्त को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी जुगल किशोर को लक्कड़घाट रोड स्थित शिव मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे विस्थापित क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को आईडीपीएल कॉलोनी निवासी शुभम ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि बैराज कॉलोनी रोड स्थित संजय टैगोर की दुकान पर शराब बेचने के संबंध में पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर संजय टैगोर, जुगल किशोर और उनके अन्य साथियों ने उसके तथा उसके साथी के साथ गाली-गलौज की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कुल्हाड़ी और पाटल से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 539/2026 के तहत धारा 109(1), 351(3) और 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। इस मामले में नामजद आरोपी संजय टैगोर उर्फ संजीव कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। वहीं, दूसरा नामजद आरोपी जुगल किशोर काफी समय से फरार चल रहा था।
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जुगल किशोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगल किशोर (52 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय फूल सिंह, निवासी पुरानी जाटव बस्ती, रेलवे रोड ऋषिकेश, हाल निवासी विस्थापित आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार शामिल रहे।







0 Comments