उत्तराखंड

*मधुबन आश्रम में गोवर्धन पूजा पर मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 56 भोग लगाकर की गई भगवान श्रीकृष्ण की आराधना*

देवभूमि जेके न्यूज, (जयकुमार तिवारी) ऋषिकेश गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मधुबन आश्रम मुनि की रेती मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने…

देवभूमि जेके न्यूज, (जयकुमार तिवारी) ऋषिकेश

गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मधुबन आश्रम मुनि की रेती मंदिर परिसर में धार्मिक उल्लास और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विधि-विधान के साथ गोवर्धन महाराज का पूजन किया गया तथा उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए गए। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। पूजा-अर्चना के उपरांत प्रवचन, भजन-कीर्तन और भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास महाराज ने अपने प्रवचन में गोवर्धन पूजा की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को किसी भी प्रकार का अहंकार पसंद नहीं है। गोवर्धन लीला के माध्यम से भगवान ने संपूर्ण संसार को यह संदेश दिया कि मनुष्य को अपने पद, प्रतिष्ठा, शक्ति और सामर्थ्य का कभी अभिमान नहीं करना चाहिए।

महाराज ने कहा कि पौराणिक कथा के अनुसार जब देवराज इंद्र को अपनी शक्ति और सामर्थ्य का अहंकार हो गया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का संदेश दिया। इससे क्रोधित होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। ब्रजवासियों को संकट से बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को सात दिनों तक धारण कर लिया और समस्त ब्रजवासियों को उसके नीचे आश्रय प्रदान किया। अंततः इंद्र का अहंकार टूट गया और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का बोध हुआ।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन लीला केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए गहरा संदेश है। यह हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, सामूहिक सहयोग, सेवा, समर्पण और विनम्रता का भाव सिखाती है। भगवान ने यह भी बताया कि सच्ची भक्ति दिखावे और आडंबर में नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और निस्वार्थ प्रेम में निहित है।

महाराज ने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान का स्मरण सदैव प्रेम और श्रद्धापूर्वक करना चाहिए। जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, मनुष्य को भगवान पर विश्वास बनाए रखना चाहिए। अहंकार का त्याग कर परोपकार, सेवा और सद्भावना के मार्ग पर चलना ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के महामंत्र का सामूहिक स्मरण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर हरे कृष्णा, हरे कृष्णा के महामंत्र से गुंजायमान हो उठा।

हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे।
हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे।

इस धार्मिक आयोजन में नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, पूर्व अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, रोशन रतूड़ी, समाजसेवी कमल सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्य चंद चौहान, मुनिकीरेती पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष संजय बडोला, आशीष कुकरेती, दिलीप शर्मा, सुनील कंडवाल, नवीन अग्रवाल, नितिन गुप्ता, सुदामा सिंघल, दिनेश कोठारी, हर्ष कौशल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की भव्य आरती और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित भंडारे में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव की सुंदर झलक देखने को मिली।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.