देवभूमि जेके न्यूज | ऋषिकेश, 17 नवंबर 2026-
जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.36 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डीजीबीआर चौक से करीब 200 मीटर आगे वन विभाग कार्यालय के गेट के पास सड़क किनारे खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसकी जीन्स की जेब से सफेद पॉलीथिन में हल्के भूरे रंग का डलीनुमा एवं पाउडर जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पन्नी सहित कुल 6.36 ग्राम पदार्थ बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ स्मैक पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को दोपहर 3:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अजीत राजभर पुत्र देवनाथ राजभर, निवासी मकान नंबर 33, श्रीकृष्णा नगर, वीरभद्र, ऋषिकेश, जनपद देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 603/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब, चरस, स्मैक एवं गांजे की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक साहिल वशिष्ठ, कांस्टेबल गौरव यादव और कांस्टेबल सोहन सिंह शामिल रहे।







0 Comments