देव भूमि जे के न्यूज,देहरादून। छठ महापर्व के पावन अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, आरोग्यता एवं समृद्ध जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने की प्रार्थना की।
मुख्य सचिव ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व श्रद्धा, भक्ति, तपस्या, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की भावना को प्रदर्शित करता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ-साथ उदीयमान सूर्य की उपासना इस पर्व की विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान है।
उन्होंने कहा कि सूर्य समस्त सृष्टि के जीवन और ऊर्जा का आधार हैं। सूर्य की उपासना के माध्यम से छठ पर्व हमें प्रकृति के महत्व को समझने तथा उसके संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है। इस पर्व में स्वच्छता, पवित्रता, संयम और अनुशासन का विशेष महत्व है। व्रतियों की कठिन साधना और परिवार एवं समाज की सामूहिक सहभागिता सामाजिक एकता, आपसी सहयोग तथा पारिवारिक सद्भाव को भी मजबूत करती है।
मुख्य सचिव ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय परंपराओं की समृद्ध विरासत और लोक संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है। यह पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित करता है।
उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया के आशीर्वाद से प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि बनी रहे। उत्तराखंड निरंतर विकास, प्रगति और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली का संचार हो।







0 Comments