देवभूमि जेके न्यूज ,ऋषिकेश, 12 सितंबर 2026। लाख कोशिशों और लगातार कार्रवाई के बावजूद ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। आबकारी विभाग की कार्रवाई के बावजूद तस्कर और अवैध शराब के कारोबारी अलग-अलग तरीकों से इस कारोबार को संचालित करने में जुटे हुए हैं। इसी के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को एक बार फिर सघन अभियान चलाते हुए मंशा देवी, गुमानीवाला सहित विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। मंशा देवी, गुमानीवाला में सोहन सिंह पुत्र कर्नल सिंह के घर पर दी गई दबिश के दौरान 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने गढ़ी मयचक, श्यामपुर में रोहित पोखरियाल पुत्र रघुराज की दुकान पर कार्रवाई की, जहां से 38 पाउच माल्टा टेट्रा पैक देशी शराब और 10 पव्वे बरामद किए गए।
अवैध शराब की बरामदगी के बाद आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
आबकारी विभाग की टीम में उप आबकारी निरीक्षक अर्जुन सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दीपा डोबरियाल तथा आबकारी सिपाही रेशमा चौहान शामिल रहे।
अवैध शराब के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ है कि आबकारी विभाग संदिग्ध ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि, क्षेत्र में बार-बार सामने आ रहे अवैध शराब के मामलों ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर तमाम कार्रवाई के बावजूद इस कारोबार पर पूरी तरह रोक कब लगेगी। अब देखना होगा कि विभाग की आगामी कार्रवाई इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचने में कितनी प्रभावी साबित होती है।







0 Comments