देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। आबकारी आयुक्त, देहरादून के निर्देशों के क्रम में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ऋषिकेश की टीम ने 2 एवं 3 नवंबर 2026 को विभिन्न क्षेत्रों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में हरिपुर कलां, कृष्णा नगर कॉलोनी, छिद्दरवाला एवं गुमानीवाला क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने संपूर्ण अभियान में लगभग पांच पेटी अंग्रेजी शराब सहित बीयर और अन्य शराब बरामद की।
आबकारी विभाग की टीम ने 2 नवंबर की रात्रि को हरिपुर कलां क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष को हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब की दो पेटियों के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद 3 नवंबर को की गई कार्रवाई में दो अन्य आरोपियों को अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 40 बीयर, अंग्रेजी शराब के 60 पव्वे और 10 हाफ बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में सागर पुत्र हरीश निवासी हिसार, हरियाणा, प्रीति पत्नी सुनील निवासी हरिपुर कलां, ऋषिकेश, चंद्रप्रकाश कांता प्रसाद निवासी हरिपुर कलां, देहरादून तथा ओमप्रकाश पुत्र दिलीप सिंह निवासी थानों, रायवाला, देहरादून शामिल हैं।
आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के अंतर्गत मुकदमे पंजीकृत किए हैं।
इस प्रवर्तन अभियान में उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश एवं अर्जुन सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दीपा डोबरियाल तथा आबकारी सिपाही अंकित कुमार, आशीष चौहान, सोनम पवार और रेशमा चौहान शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।







0 Comments