देव भूमि जे के न्यूज,हरिद्वार। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के ऋषिकुल परिसर में ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय एलुमनाई मीट-कम-वर्कशॉप में देशभर से 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थी, आयुर्वेद विशेषज्ञ, चिकित्सक, शिक्षाविद और शोधकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन में आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा शिक्षा और वैश्विक विस्तार की संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. मायाराम उनियाल और डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना, स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं की ओर से प्रवेश द्वार पर बनाई गई आकर्षक रंगोली ने आयोजन की सांस्कृतिक छटा को और बढ़ाया।
आयुर्वेद को आधुनिक अनुसंधान से जोड़ना समय की आवश्यकता : मदन कौशिक
आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक चिकित्सा परंपरा है। वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के लिए आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा, अनुसंधान और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। राज्य सरकार आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक पहचान स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं फार्मेसी के विकास तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। आगामी कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा, पंचकर्म, योग और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं विकसित करने के लिए पर्याप्त बजट एवं व्यापक कार्ययोजना तैयार करने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने बताया कि ऋषिकुल परिसर में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के नाम पर प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की योजना और प्रारूप अंतिम चरण में है। इससे भारतीय ज्ञान परंपरा, आयुर्वेद, योग और प्राच्य विद्याओं से जुड़े शोध कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आयुर्वेद के इंटर्न विद्यार्थियों को एलोपैथिक विद्यार्थियों के समान मानदेय उपलब्ध कराने के प्रति भी सरकार की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय को देश के अग्रणी विश्वविद्यालयों में स्थापित करने के प्रयासों की जानकारी दी।
शोध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से मजबूत होगी आयुर्वेद की पहचान
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय आयुर्वेद शिक्षा की गुणवत्ता, अनुसंधान गतिविधियों, चिकित्सकीय सेवाओं और शैक्षणिक संसाधनों को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। पूर्व विद्यार्थियों का अनुभव और विशेषज्ञता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन साबित हो सकती है। ऐसे आयोजन विश्वविद्यालय और पूर्व विद्यार्थियों के बीच अकादमिक सहयोग तथा शोध के नए अवसर उपलब्ध कराते हैं।
निदेशक डॉ. रविंद्र प्रताप सिंह ने ऋषिकुल की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संस्थान ने देश को अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सक, शिक्षक, शोधकर्ता और आयुर्वेद विशेषज्ञ दिए हैं। संस्थान की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में पूर्व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
परिसर निदेशक डॉ. ओ.पी. सिंह ने कहा कि एलुमनाई मीट पुराने संबंधों को पुनर्जीवित करने के साथ वर्तमान विद्यार्थियों को अनुभवी विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्रदान करती है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. बी.के. अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थियों को साझा मंच प्रदान करना और उनकी उपलब्धियों एवं अनुभवों को संस्थान के विकास से जोड़ना है। एसोसिएशन भविष्य में शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, विद्यार्थी मार्गदर्शन और संस्थागत विकास के लिए निरंतर प्रयास करेगी।
ड्रग कंट्रोलर डॉ. मिथिलेश कुमार ने आयुर्वेदिक औषधियों की गुणवत्ता, शुद्धता और मानकीकरण पर जोर देते हुए कहा कि आयुर्वेद की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए औषधि निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन और प्रभावी नियामकीय व्यवस्था आवश्यक है।
डॉ. मायाराम उनियाल और डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
समारोह का प्रमुख आकर्षण आयुर्वेद के क्षेत्र में दीर्घकालीन और उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान रहा। विश्वप्रसिद्ध वनस्पति शास्त्री एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. मायाराम उनियाल तथा वरिष्ठ आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. गोपाल कृष्ण गर्ग को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया। अतिथियों और उपस्थित प्रतिभागियों ने दोनों के योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. किशोर गोयल ने एसोसिएशन की गतिविधियों और आयोजनों के संचालन के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
आयुर्वेदिक कंपनियों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
सम्मेलन के दौरान आयुर्वेदिक औषधियों एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें बैद्यनाथ, डाबर, बास हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, श्रीवल्ली प्योर आयुर्वेदा, प्रवेक प्राइवेट लिमिटेड, आदित्य ग्रुप, विद्यालम, श्री धूतपापेश्वर और महर्षि अमृत कलश सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए।
प्रदर्शनी के माध्यम से प्रतिभागियों ने आयुर्वेदिक औषधियों, स्वास्थ्य उत्पादों, औषधि निर्माण और आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य समाधानों की जानकारी प्राप्त की। इस पहल ने आयुर्वेदिक शिक्षा संस्थानों और औषधि उद्योग के बीच सहयोग की संभावनाओं को भी मजबूत किया।
अनुभवी चिकित्सकों ने साझा किए अनुभव, नई पीढ़ी को मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम के सचिव एवं संयोजक डॉ. वेद भूषण शर्मा ने स्वागत संबोधन में अतिथियों, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें देशभर से आए पूर्व विद्यार्थी अपनी चिकित्सकीय उपलब्धियों, शोध अनुभवों, सफलता की कहानियों और व्यावसायिक यात्रा को साझा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों के अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, ताकि बीएएमएस, स्नातकोत्तर और नवप्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा, शोध, करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीषा एवं डॉ. पारुल शर्मा ने किया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने पुरानी स्मृतियां साझा करने के साथ ऋषिकुल के विकास और आयुर्वेद के भविष्य को लेकर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
सम्मेलन ने आयुर्वेद की पारंपरिक विरासत को आधुनिक चिकित्सा आवश्यकताओं, वैज्ञानिक अनुसंधान और शैक्षणिक नवाचार से जोड़ने का संदेश दिया। आयोजन के अंत में प्रचार मंत्री डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय ने ऋषिकुल स्नातक एवं स्नातकोत्तर एसोसिएशन (RSESA) परिवार की ओर से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पूर्व विद्यार्थियों, अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, प्रायोजकों और आयुर्वेद प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।






0 Comments