उत्तराखंड

*हरिद्वार कुंभ-2027 में लगेगा 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी निःशुल्क जांच*

देव भूमि जे के न्यूज,देहरादून। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा…

देव भूमि जे के न्यूज,देहरादून। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर का आयोजन किया जाएगा। रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के सभागार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर इस सेवा अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए सक्षम एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्र कुंभ मानव सेवा, परोपकार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि नेत्र कुंभ की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 जनवरी से 25 फरवरी 2027 तक चलने वाले इस 45 दिवसीय महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क आंखों की जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही जरूरतमंदों को एक लाख निःशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे तथा 10 हजार लोगों के नेत्र ऑपरेशन किए जाने का लक्ष्य है। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, समरसता और परोपकार का भी महापर्व है। हमारी संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी भावना को धरातल पर उतारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण बड़ी संख्या में लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत पुण्य का कार्य है। आंखों की रोशनी बेहतर होने से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है और उसका आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है।

उन्होंने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस अभियान का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाला नेत्र कुंभ इस सेवा अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात, पैदल आवागमन और बेहतर चिकित्सा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.