देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 24 नवंबर 2026।
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का ऋषिकेश पहुंचने पर नेपाली फार्म में भव्य स्वागत किया गया। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया।
पंजाब से प्रारंभ होकर पांवटा साहिब होते हुए संगठनात्मक जिला ऋषिकेश पहुंची इस यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने विचारों, वाणी और जीवन दर्शन के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता का महान संदेश दिया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे। गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति, वर्ग अथवा सामाजिक भेदभाव के आधार पर किसी के साथ असमानता न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त हों।
उन्होंने कहा कि ‘समरसता संकल्प यात्रा’ केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि संत रविदास जी के आदर्शों, सामाजिक एकता और समरस समाज के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। समाज में आपसी विश्वास, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान, सम्मान और समान अवसरों को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि संतों और महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जातिगत भेदभाव और सामाजिक विषमताओं से ऊपर उठकर ऐसे समाज का निर्माण करना चाहिए, जहां प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान, सहयोग और समानता का भाव हो।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, अनुसूचित मोर्चा से राकेश कुमार, पार्षद मुस्कान, विनय पासवान, नंदकिशोर जाटव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







0 Comments