देवभूमि जेके न्यूज, देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने तथा पत्रकार पेंशन की राशि में वृद्धि करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में कीं। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों और प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज तथा सरकार के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पत्रकार जहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाते हैं, वहीं जनसमस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार के समक्ष रखने का दायित्व भी निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों के माध्यम से सरकार को विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के वास्तविक प्रभाव की जानकारी मिलती है। मीडिया से प्राप्त सुझाव और फीडबैक शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बनाने में सहायक होते हैं।
उन्होंने देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल युग में पत्रकारिता की चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक संचार तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा की हैं, लेकिन फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का बढ़ता प्रसार गंभीर चुनौती है। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष, सटीक और विश्वसनीय समाचार जनता तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ वरिष्ठ पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पूर्व में भी पत्रकार पेंशन की राशि बढ़ा चुकी है। इसके अतिरिक्त पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये की गई है। अब पत्रकार पेंशन में एक बार फिर वृद्धि करने और विभिन्न स्तरों पर पत्रकारों की मान्यता की संख्या बढ़ाने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को जनसंचार के क्षेत्र में मजबूत पहचान दिलाने के लिए मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पत्रकारों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सरकार आगे भी सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में पत्रकारों का रचनात्मक सहयोग और सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर मीडिया की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।







0 Comments