देवभूमि जे के न्यूज,देहरादून, 26 नवंबर। उत्तराखंड में पेयजल आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित सौंग एवं जमरानी बांध परियोजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारी को एकल बिंदु प्रभारी के रूप में प्रोजेक्ट मैनेजर नियुक्त किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ जलाशयों एवं आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कॉफर डैम का निर्माण मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति दर्शाने के लिए नियमित रूप से फोटोग्राफ और वीडियो स्टेट प्रगति पोर्टल पर अपलोड करने को कहा। साथ ही कंक्रीटिंग एवं उत्खनन कार्यों की समयसीमा निर्धारित करते हुए विस्तृत पीईआरटी चार्ट तैयार करने और इसे आगामी उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सौंग बांध परियोजना के कार्यों को भी मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने पुनर्वास संबंधी कार्यों की तैयारियां पहले से पूरी करने तथा परियोजनाओं की संशोधित लागत के अनुमोदन के लिए सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। केंद्रीय जल आयोग सहित संबंधित संस्थाओं से परीक्षण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया भी समय से पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
सौंग बांध परियोजना के तहत 130.60 मीटर ऊंचे बांध के साथ 150 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और लगभग 88 किलोमीटर लंबी फीडर मेन का निर्माण किया जाना है। परियोजना की शेष लागत के लिए ₹2,491.96 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 30 प्रतिशत भौतिक प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 21 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। मुख्य बांध का निर्माण नवंबर 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत कार्यालय एवं आवासीय भवनों तथा सर्विस रोड सहित आधारभूत ढांचे का 90 प्रतिशत, डायवर्जन टनल का 80 प्रतिशत, क्रशिंग एवं बैचिंग प्लांट का 75 प्रतिशत और कॉफर डैम का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्ट्रिपिंग फाउंडेशन एवं एबटमेंट का 40 प्रतिशत कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। नहर निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों की प्रगति 32.46 प्रतिशत है, जबकि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन का 84 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बांध का निर्माण जून 2029 तक पूरा करने का प्रस्ताव है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






0 Comments