देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 3 नवंबर। अमोला युवा शक्ति मंडल समिति (रजि.) की ओर से आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित रामलीला का गत रात्रि भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने उनका पटका पहनाकर स्वागत किया।
डॉ. अग्रवाल ने रामलीला मंचन का अवलोकन किया और सफल आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामलीला में विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाने वाले कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया तथा आयोजन में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम किसी एक व्यक्ति अथवा समुदाय विशेष के आराध्य नहीं, बल्कि संपूर्ण संसार के आराध्य हैं। उनका जीवन चरित्र समूचे मानव समाज के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। भगवान श्रीराम के जीवन से हमें एक भाई, बेटे, पति, राजा और धर्म रक्षक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख मिलती है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन त्याग, समर्पण, सत्य, न्याय, प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि जो लोग कभी प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक बताते थे, आज वही लोग श्रीराम के नाम से राजनीतिक लाभ लेने की लालसा रखते हैं। प्रभु श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के केंद्र हैं तथा उनकी महिमा को किसी प्रमाण की आवश्यकता नहीं है।
डॉ. अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण करोड़ों रामभक्तों की वर्षों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या को जो गौरव और सम्मान दिलाया है, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें इस दिशा में वह इच्छाशक्ति और संकल्प नहीं दिखा पाईं, जो वर्तमान सरकार ने करके दिखाया है।
उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और संस्कारों को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष धर्मानंद अमोली, उपाध्यक्ष सुंदर मोहन अमोली, सचिव नरेश अमोली, मीडिया प्रभारी संदीप अमोली, सहसचिव मुकेश अमोली, संरक्षक मधुसूदन अमोली एवं सोमदत्त अमोली, प्रबंधक हर्षमोहन अमोली, संजय अमोली, वेद प्रकाश अमोली, रवि अमोली, विधि सलाहकार राहुल अमोली, संयोजक मनीष भट्ट, संचालक मुकेश देवरानी, सदस्य रवि अमोली, रोहित अमोली, मोहित, गौरव, प्रदीप अमोली, संदीप अमोली, सुबोध अमोली तथा पार्षद हर्षवर्धन रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे।







0 Comments