देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। धर्मनगरी ऋषिकेश को सुंदर, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में तीन प्रमुख सरकारी संस्थानों की कुल 185 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल पर 93.14 लाख रुपये की लागत से आकर्षक भित्तिचित्र (म्यूरल) तैयार किए जाएंगे। शनिवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया।
इस परियोजना के अंतर्गत ऋषिकेश कोतवाली, उप जिला चिकित्सालय और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की बाहरी दीवारों को कलात्मक स्वरूप दिया जाएगा। इन दीवारों पर बनने वाली कलाकृतियां न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएंगी, बल्कि ऋषिकेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेंगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जी-20 सम्मेलन के दौरान ऋषिकेश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों से लेकर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों और अवस्थापना विकास निधि से हुए सड़क निर्माण तक, सभी प्रयासों का उद्देश्य ऋषिकेश को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाना रहा है।
उन्होंने बताया कि शहर में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण, सड़कों का सुदृढ़ीकरण, सीवरेज लाइन बिछाने, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और पेयजल लाइनों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा कुंभ निधि से स्वीकृत सड़कों का निर्माण भी शीघ्र शुरू होने जा रहा है। शहर के प्रमुख स्थानों पर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य विभिन्न स्तरों पर गतिमान हैं और कई नई योजनाएं भी प्रस्तावित हैं। उनका उद्देश्य ऋषिकेश के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शहर को विकास और आधुनिकता की नई पहचान दिलाना है।
उन्होंने कहा कि 93.14 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भित्तिचित्र शहर के सौंदर्यीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी इन कलाकृतियों के माध्यम से ऋषिकेश का सुंदर और सकारात्मक स्वरूप देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान, उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस आनंद राणा, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य रचना अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजपाल ठाकुर, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, प्राधिकरण अभियंता सुनील उप्रेती, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, बृजेश शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, निवेदिता सरकार, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना, पार्षद रीना शर्मा, गोपाल सती, चेतन शर्मा, राम सिंह पवार, दुर्गा जिंदल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







0 Comments