देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को ऋषिकेश पुलिस की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के साथ ही स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
31 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश के नेतृत्व में आयोजित दौड़ में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न स्कूलों के बच्चों तथा हिमाद्री फाउंडेशन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत घाट चौक से हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए त्रिवेणी घाट पर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
दौड़ संपन्न होने के बाद त्रिवेणी घाट परिसर में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें पुलिस कर्मियों, स्कूली बच्चों और हिमाद्री फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर घाट परिसर में फैले प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्र किया और साफ-सफाई की।
ऋषिकेश पुलिस की इस पहल के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि राष्ट्रीय एकता केवल विचारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के कार्यों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।







0 Comments