देव भूमि जे के न्यूज़,देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के घंटाघर स्थित भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व क्षमता के बल पर देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की निर्णायक भूमिका ने एक सशक्त और एकजुट भारत की नींव रखी। देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में उनके द्वारा किए गए कार्यों को प्रत्येक भारतवासी सदैव याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। सरदार पटेल का जीवन और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







0 Comments