देवभूमि जे के न्यूज,(जय कुमार तिवारी)हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और जनआस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और मां गंगा में अमृत स्नान इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा। आगामी 15 मार्च 2027 को हरिद्वार में उत्तराखंड की देव डोलियों का अमृत स्नान आयोजित किया जाएगा। वहीं, 14 मार्च को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले इस आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में देव डोलियों की शोभायात्रा, आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों, पारंपरिक स्वरूप और गंगा स्नान से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजन में शामिल होने वाली देव डोलियों के साथ आने वाले प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस आयोजन के माध्यम से देश-विदेश से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान को पूरी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए देव डोलियों के आवागमन, ठहराव, स्नान तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। मेला प्रशासन आयोजन समिति और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है।
बैठक में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देव डोलियों के आगमन और उनके साथ आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 मार्च 2027 को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा आयोजित होगी, जबकि 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का अमृत स्नान संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास सहित विपिन जोशी, बंशीधर पोखरियाल, द्वारिका भट्ट, रमेश पैन्यूली, गजेंद्र सिंह कंडियाल, भगवान सिंह रांगड़, प्रमोद डोभाल, जसराम ढोंढियाल, मुकेश जोशी और आचार्य भवानी दत्त मैंदोलिया सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







0 Comments