देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 28 अक्टूबर।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र से जुड़े प्रमुख जनहित के मुद्दों को सदन में उठाया। उन्होंने नियम 53 के तहत बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को उठाते हुए लंबे समय से यहां निवास कर रहे परिवारों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। वहीं, नियम 300 के तहत राजाजी टाइगर रिजर्व और वन क्षेत्रों से जुड़े इलाकों की सड़क समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए सड़कों के पुनरुद्धार, चौड़ीकरण और डामरीकरण की आवश्यकता बताई।
डॉ. अग्रवाल ने बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण पर सदन को अवगत कराया कि क्षेत्र में लगभग 75 वर्षों से अधिक समय से निवास कर रहे 60 हजार से ज्यादा लोगों के सामने आवास से जुड़ी समस्या बनी हुई है। यह मामला हजारों परिवारों के भविष्य और उनके आवासीय अधिकारों से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बड़ी आबादी निवास कर रही है। इसके अतिरिक्त यहां एम्स, आईडीपीएल, पशुपालन विभाग और टिहरी विस्थापितों से संबंधित व्यवस्थाओं सहित कई सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थान भी संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले का समाधान मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए किया जाना चाहिए, ताकि वर्षों से यहां रह रहे परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने सदन के माध्यम से इस विषय पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रकरण के समाधान की दिशा में कैबिनेट बैठक में समिति गठित करने का निर्णय लिया जा चुका है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए आगे की कार्यवाही शीघ्र किए जाने की आवश्यकता है।
इसके साथ ही डॉ. अग्रवाल ने नियम 300 के तहत ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में राजाजी टाइगर रिजर्व और वन भूमि से जुड़े क्षेत्रों की सड़क समस्याओं को उठाया। उन्होंने राजाजी नेशनल पार्क से सटे ओणेश्वर मंदिर से साहब नगर (पुरानी जंगला चौकी) तक की सड़क के साथ ही रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी, भट्टोंवाला, रुषा फार्म (गुमानीवाला) और गौरी माफी की सड़कों के पुनरुद्धार, चौड़ीकरण एवं डामरीकरण की मांग की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इन क्षेत्रों की सड़कें स्थानीय निवासियों के आवागमन, दैनिक आवश्यकताओं और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। सड़कों की स्थिति में सुधार होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी दैनिक आवाजाही अधिक सुगम होगी। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों की सड़क समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण का स्थायी समाधान और वन क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं का सुधार जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।







0 Comments