देव भूमि जे के न्यूज,कोटद्वार।
जानकीनगर स्थित रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में स्व. रितेश शर्मा की पुण्य जन्म स्मृति में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ ही रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा का संदेश दिया गया। शिविर में 35 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 26 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती और स्व. रितेश शर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित करके किया। इसके बाद आधारशिला रक्तदान फाउंडेशन के संयोजक दलजीत सिंह और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के नेतृत्व में राजकीय बेस चिकित्सालय की ब्लड बैंक टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
रक्तदान शिविर में राजकीय ब्लड बैंक की ओर से डॉ. सुप्रिया, नर्सिंग ऑफिसर नाजिया, लैब टेक्नीशियन अजय कुमार, प्रदीप कुमार तथा सदस्यों सुमित और समीर ने विशेष सहयोग दिया। शिविर के माध्यम से रक्तदान के महत्व और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
समारोह में कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने हाईस्कूल के 17 और इंटरमीडिएट के 14 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से पर्यावरण, रक्तदान, योग दिवस और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जयंती के अवसर पर आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अप्रैल से अक्टूबर तक विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले 40 छात्र-छात्राओं को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं परीक्षा प्रभारी आचार्य रोहित बलोदी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्व. रितेश शर्मा की स्मृति को जीवंत रखने के साथ विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम का समापन आचार्य रोहित बलोदी ने शांति मंत्र के साथ किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती, महेंद्र गौड़, उपप्रधानाचार्य अनिल कोटनाला, प्रतियोगिता प्रभारी राहुल भाटिया, राष्ट्रीय सेवा योजना के मंडलीय समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी, जिला समन्वयक परितोष रावत, कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र सिंह, हिमांशु द्विवेदी, शंकर बहादुर सहित अन्य अतिथि, आचार्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






0 Comments