उत्तराखंड

ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में होगी अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, फरवरी 2027 में जुटेगा विदेशी फिल्म क्रू.

देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ की कहानी अब बड़े पर्दे पर नजर आएगी। इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी…

ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में होगी अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, फरवरी 2027 में जुटेगा विदेशी फिल्म क्रू.

देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ की कहानी अब बड़े पर्दे पर नजर आएगी। इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया यानी बीटल्स आश्रम में फरवरी 2027 में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर इस परियोजना के संबंध में चर्चा की। फिल्म की शूटिंग से उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित इस परियोजना का निर्देशन ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस परियोजना के अंतर्गत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नामक इस फिल्म श्रृंखला को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से संबंधित कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है। इस परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखंड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की पहचान विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में बीटल्स आश्रम में अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग से ऋषिकेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.