देवभूमि JK न्यूज़ ,टिहरी गढ़वाल। नव मधुबन आश्रम एवं चंडीगढ़ हॉस्पिटल खन्ना, पंजाब के सौजन्य से दुआधार, टिहरी गढ़वाल में निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे। कैंप में करीब 300 से 400 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
मेडिकल कैंप का आयोजन डॉक्टर मुदित कुमार के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। बताया गया कि डॉक्टर मुदित कुमार अपने जन्मदिन को सेवा कार्य के रूप में मनाते हैं और हर वर्ष नव मधुबन आश्रम के सहयोग से उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र के किसी स्थान पर निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करते हैं। इसी सेवा भावना के तहत इस वर्ष दुआधार, टिहरी गढ़वाल में शिविर लगाया गया।
शिविर में डॉक्टर मुदित कुमार और डॉक्टर मोनिका ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की तथा उनकी समस्याओं के संबंध में आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का स्थानीय लोगों ने लाभ उठाया।
नव मधुबन आश्रम की ओर से बताया गया कि आश्रम पिछले करीब 30 वर्षों से निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय है। आश्रम द्वारा समय-समय पर पहाड़ी क्षेत्रों में निशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करने के साथ जरूरतमंद लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने सहित विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य भी किए जाते रहे हैं।
आश्रम का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाएं पहुंचाना है। सेवा कार्यों के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है।
इस अवसर पर नव मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास, डॉक्टर मुदित कुमार, डॉक्टर मोनिका, किरण जंड, गीता जंड सहित आश्रम एवं मेडिकल कैंप से जुड़े स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
आश्रम प्रबंधन ने कहा कि श्री श्री राधा गोविंद की कृपा से सेवा का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आने वाले समय में भी उत्तराखंड के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं अन्य सेवा कार्य आयोजित किए जाते रहेंगे।
ग्रामीण क्षेत्र में निशुल्क चिकित्सा जांच और दवाइयां उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों में खुशी देखने को मिली। शिविर में पहुंचे लोगों ने नव मधुबन आश्रम और चंडीगढ़ हॉस्पिटल खन्ना की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।







0 Comments