उत्तराखंड

40 विद्यालयों के 144 खिलाड़ियों के बीच एनजीए ने जीती ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी।

देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 11 अक्टूबर। राष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए), खैरी कलां, श्यामपुर में आयोजित चतुर्थ अंतरविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता…

40 विद्यालयों के 144 खिलाड़ियों के बीच एनजीए ने जीती ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी।

देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 11 अक्टूबर।

राष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए), खैरी कलां, श्यामपुर में आयोजित चतुर्थ अंतरविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 40 विद्यालयों के 144 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मेजबान विद्यालय निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। दून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और डीएसबी, गुमानीवाला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ निर्मल आश्रम के महंत राम सिंह महाराज के आशीर्वाद और संत बाबा जोध सिंह महाराज के सानिध्य में हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिज्लवाण तथा विशिष्ट अतिथि फिडे मास्टर शिराली पटनायक उपस्थित रहीं। अतिथियों ने गायत्री मंत्र एवं शबद की मंगलमय ध्वनि के बीच दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस अमृत पाल डंग ने अतिथियों, खेल प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल भावना, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।

विद्यालय के खेल विभाग प्रमुख एवं वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक दिनेश पैन्यूली ने बताया कि प्रतियोगिता में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, ढालवाला, रुड़की, डाकपत्थर और बिजनौर सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता अंडर-09, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में आयोजित की गई। खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता, तार्किक क्षमता, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने के कौशल का प्रदर्शन किया।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिज्लवाण ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन, धैर्य, एकाग्रता, निर्णय क्षमता और दूरदर्शिता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और परस्पर सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।

**विभिन्न आयु वर्गों के परिणाम**

**अंडर-09 वर्ग**
प्रथम स्थान स्वर्णिम चौधरी (औरंगजेब गुलाल विद्यालय, बिजनौर), द्वितीय स्थान मानव डंगवाल (माउंट फोर्ट स्कूल, रुड़की) तथा तृतीय स्थान श्रेष्ठ जुगलान (बीएमडीएवी, हरिद्वार) ने प्राप्त किया।

**अंडर-13 वर्ग**
प्रथम स्थान प्रियांशा छेत्री (निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी), द्वितीय स्थान अन्वेष उनियाल (सेपियंस स्कूल, विकासनगर) तथा तृतीय स्थान इरा शेट्टी (डीएसबी, ऋषिकेश) ने हासिल किया।

**अंडर-15 वर्ग**
प्रथम स्थान लक्षिता चौधरी (डीएसबी, ऋषिकेश), द्वितीय स्थान जयति अग्रवाल (भागीरथी विद्यालय, हरिद्वार) तथा तृतीय स्थान हिमानी माहेश्वरी (ओलंपस हाई स्कूल, देहरादून) ने प्राप्त किया।

**अंडर-17 वर्ग**
प्रथम स्थान शुभम माहेश्वरी (ओलंपस स्कूल, देहरादून), द्वितीय स्थान शौर्य जुगलान (बीएमडीएवी, हरिद्वार) तथा तृतीय स्थान आशुतोष उनियाल (भागीरथी विद्यालय, हरिद्वार) ने हासिल किया।

**अंडर-19 वर्ग**
प्रथम स्थान वैभव अग्रवाल (दून इंटरनेशनल स्कूल, ऋषिकेश), द्वितीय स्थान वेदांश भट्ट (निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी, ऋषिकेश) तथा तृतीय स्थान लक्ष्य सिंह (एएनडी पब्लिक स्कूल, हरिद्वार) ने प्राप्त किया।

समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त चारु माथुर कोठारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश कुमार एवं मनप्रीत शर्मा तथा सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम भट्ट भी उपस्थित रहे। अतिथियों और संत बाबा जोध सिंह महाराज ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चारु माथुर कोठारी ने निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने वाली निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी के शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।

इस अवसर पर संत बाबा जोध सिंह महाराज ने अतिथियों को शिरोपा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रसाद प्रदान कर आशीर्वाद दिया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के सदस्य बृजेश राय, शेर सिंह थापा, सोमदत्त शर्मा, हरि सिंह प्रजापति और अनिकेत प्रजापति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका ममता पंवार के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों, खेल प्रशिक्षकों, निर्णायक मंडल, निर्मल आश्रम की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सब-इंस्पेक्टर नवीन कंडवाल, थाना रानीपोखरी, विपिन सिरोही, मधु चौहान, गोपाल भटनागर, एनईआई से आत्म प्रकाश बाबूजी, निर्मल आश्रम से हरमनप्रीत सिंह, दिनेश शर्मा, सरदार गुरजिंदर सिंह, कुलदीप सिंह रावत, एनजीए समन्वयक सोहन सिंह कैन्तुरा, प्रशासनिक अधिकारी विनोद बिज्लवाण, परीक्षा नियंत्रक सरबजीत कौर, राकेश रोंछेला, राकेश नौटियाल, मनजीत शर्मा और सुनील पांडे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रशिक्षक, संगीत विभाग से सरदार गुरजिंदर सिंह एवं प्रदीप कुमार तथा निर्मल आश्रम की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.