देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 15 अक्टूबर। हरिद्वार रोड स्थित व्यापारियों को जारी नोटिस के मामले में व्यापार नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने व्यापारियों के साथ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों को दिए गए नोटिस के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए व्यापारियों को आश्वस्त किया कि विभाग उनके साथ है और उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस बातचीत को व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर व्यापार नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। व्यापारी समाज क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके सामने आने वाली समस्याओं को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन प्रशासन के साथ समन्वय और संवाद स्थापित कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए हर स्तर पर प्रयासरत रहेगा।
मुलाकात के दौरान हेमंत सुनेजा, रमेश अरोड़ा, संजय गुरविंदर सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।







0 Comments