देवभूमि जेके न्यूज, ऋषिकेश, 28 सितंबर।
हरिद्वार रोड स्थित कोयल घाटी तिराहे के समीप कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब थोक मंडी लाइसेंस जारी करने की मांग को लेकर एक व्यक्ति मंडी समिति कार्यालय की छत पर लगे ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टावर पर चढ़ा व्यक्ति काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गया और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए जवानों ने उससे लगातार नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभाला। करीब ढाई घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान मंडी परिसर में मौजूद फल-सब्जी के थोक कारोबारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कारोबारियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से संपर्क किया और उसकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाते हुए उसे समझाया। काफी देर की बातचीत के बाद वह टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।
मंडी समिति के सचिव पीआर कालाकोटी के अनुसार, टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान हरीश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोंडा, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। सचिव के मुताबिक हरीश पिछले करीब आठ महीने से मंडी परिसर में सरस्वती फ्रूट एजेंसी की दुकान किराये पर लेकर कारोबार कर रहा था और इसके लिए करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह किराया दिया जा रहा था।
मंडी समिति के अनुसार संबंधित फ्रूट एजेंसी को फल एवं सब्जी के थोक कारोबार के लिए लाइसेंस जारी किया गया है, लेकिन लाइसेंसी दुकान को किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर देकर उससे कारोबार कराया जाना नियमों के अनुरूप अधिकृत नहीं है। इस मामले में संबंधित एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी है।
मंडी सचिव ने बताया कि जांच में यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
वहीं, टावर पर चढ़ने की घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या उकसावे की संभावना को लेकर भी जांच की बात सामने आई है। हालांकि किसी व्यक्ति द्वारा हरीश को उकसाए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मंडी समिति पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कह रही है।
करीब ढाई घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम का अंत उस समय हुआ, जब कारोबारियों की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मंडी परिसर में सामान्य स्थिति बहाल हो गई।






0 Comments