देवभूमि जेके न्यूज,( जयकुमार तिवारी) हरिद्वार। श्री निरंजनी मायापुर रामलीला संस्था में चल रही रामलीला के अंतर्गत गुरुवार को कैलाश लीला का भव्य मंचन किया गया। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्कृष्ट अभिनय से सजे इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में रामभक्त और दर्शक पहुंचे। लीला के दौरान “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा रामलीला पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कैलाश लीला में रावण–वेदवती संवाद का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने प्रभावशाली संवाद अदायगी, भाव-भंगिमाओं और अभिनय के माध्यम से पौराणिक प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया। रावण के चरित्र में अमित बोरी ने दमदार अभिनय करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं, जबकि वेदवती की भूमिका में विकास शर्मा ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
भोलेनाथ की भूमिका भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा ने निभाई। विभीषण के पात्र में अमित शर्मा, कुंभकरण के पात्र में कृष्णा चंचल, ब्रह्मा की भूमिका में विजय तथा नंदीगण के रूप में पंकज चौहान ने अपने अभिनय से मंचन को प्रभावशाली बनाया।
रामलीला में शामिल बाल कलाकारों ने भी शानदार अभिनय प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उनके अभिनय और संवाद प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। कलाकारों के बीच बेहतर तालमेल और मंचन की प्रभावी प्रस्तुति के चलते कैलाश लीला का प्रसंग दर्शकों के लिए यादगार बन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कनखल मंडल महामंत्री युवा मोर्चा सूरज भारद्वाज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विधिवत रूप से कैलाश लीला का मंचन शुरू हुआ। आयोजन के दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
रामलीला मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और मर्यादा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कैलाश लीला के मंचन ने दर्शकों को पौराणिक कथाओं से जोड़ने के साथ ही धर्म और संस्कृति के प्रति आस्था को भी मजबूत किया।
इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य सुभाष चंद गुप्ता, राजू मनोचा, चंद्रशेखर कुर्ल, अतुल जुनेजा, सुमित बोरी, अंकित तिवारी, सचिन बेदी, शिवम वर्मा, आर्यन मनोचा, जॉनी अरोड़ा, लक्ष्य शास्त्री, शिवम भारद्वाज और ओम प्रकाश भाटिया सहित बड़ी संख्या में रामभक्त एवं दर्शक मौजूद रहे।
कैलाश लीला के भव्य मंचन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कलाकारों के शानदार अभिनय और रामभक्तों के जयघोष से पूरा पंडाल देर तक भक्तिमय बना रहा।







0 Comments