देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 20 नवंबर।
तीर्थनगरी ऋषिकेश के शीशम झाड़ी स्थित चंद्रेश्वर नगर में श्री मां कात्यायनी मंदिर का 13वां वार्षिक स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मां कात्यायनी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ श्री स्वामीनारायण घाट से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। धार्मिक वातावरण, भक्ति गीतों और मां के जयकारों के बीच कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
मंदिर में विराजमान मां कात्यायनी का विभिन्न औषधीय सामग्रियों से विशेष अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, आरोग्य और विश्व कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
वार्षिक स्थापना दिवस समारोह में ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल तथा मुनि की रेती नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त दिल्ली से पहुंचे संजीव कपूर, चांद कपूर, राकेश गुंबर, अंजू सोनी, संगीता कपूर, गीता एवं नीरू सहित अनेक अतिथियों ने भी मंदिर में पहुंचकर मां कात्यायनी के दर्शन किए और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में श्रद्धालुओं की सेवा और प्रसाद वितरण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। स्थानीय लोगों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
मंदिर के व्यवस्थापक गुरविंदर सलूजा एवं नमिता सलूजा ने वार्षिक स्थापना दिवस समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां कात्यायनी की कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का वार्षिक स्थापना दिवस प्रतिवर्ष धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
13वें वार्षिक स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम ने एक बार फिर तीर्थनगरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और मां कात्यायनी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।







0 Comments