देवभूमि जे के न्यूज़। उत्तराखंड में जिला योजना समितियों के सदस्यों के सामान्य निर्वाचन के तहत 16 अक्टूबर 2026 को मतदान और मतगणना कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, हरिद्वार जिला पंचायत के संपूर्ण क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के अन्य जनपदों के निर्धारित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में यह निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। 13 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 14 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद अपराह्न 3 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना कराई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित जिला मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन अधिकारी के रूप में सार्वजनिक सूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन संबंधी सार्वजनिक सूचनाओं की प्रतियां जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय और नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर भी प्रदर्शित की जाएंगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि अधिसूचना जारी होने की तिथि से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। आयोग ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।







0 Comments