देवभूमि जेके न्यूज, ऋषिकेश।
ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में गुरुवार को उस समय गमगीन माहौल छा गया, जब लगभग 45 वर्षीय प्राशु बनर्जी के निधन की खबर सामने आई। प्राशु बनर्जी पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अस्पताल में उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग गहरे सदमे में थे और आनन-फानन में बूंदाबांदी के बीच उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए चंद्रेश्वर नगर स्थित श्मशान घाट ले जाया गया।
परिवार के सभी सदस्य और परिचित अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए श्मशान घाट पहुंचे हुए थे। इसी दौरान घर की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। बताया गया कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर घर के कमरे में माता रानी की ज्योत जलाई गई थी। घर में कोई मौजूद नहीं था और ज्योत से आग लगने के कारण घरेलू सामान इसकी चपेट में आ गया। एक ओर परिवार अपने प्रियजन के अंतिम संस्कार में जुटा था, वहीं दूसरी ओर घर में आग लगने की खबर ने परेशानी और बढ़ा दी।
चार फीट की संकरी गली में दमकल कर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
घर में आग लगने की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो यूनिटों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान की तीसरी मंजिल पर आग लगी थी और वहां तक पहुंचने वाली गली लगभग चार फीट चौड़ी थी। संकरी गली और ऊंचाई के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कर्मचारियों ने करीब एक घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।
दमकल विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, आग से घर का कुछ घरेलू सामान जल गया। समय रहते आग बुझाने के प्रयास किए गए, जिससे आग को और अधिक फैलने से रोकने में मदद मिली।
निधन और आग की घटना से परिवार सदमे में
प्राशु बनर्जी परिवार के कमाने वाले प्रमुख सदस्य बताए जा रहे हैं। उनके निधन से परिवार पहले ही गहरे दुख में डूबा हुआ था। ऐसे समय में घर में आग लगने की घटना ने परिवार की परेशानी और बढ़ा दी। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है कि एक ही समय में परिवार पर दोहरी विपत्ति आ पड़ी।
आग बुझाने के अभियान में दमकल विभाग के एलएफएम अशोक कुमार के साथ राजकुमार, गोविंद सिंह, कटार सिंह, सुधीर गोसाईं, सत्यपाल सिंह, जोगिंदर डोभाल, विकास चमोली, मोनिका, विनोद, महिपाल, शिवकुमार और समरपालं सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
चंद्रेश्वर नगर में प्रासू बनर्जी के निधन और घर में आग लगने की घटना से शोक का माहौल है। परिवार के लिए यह दिन अपूरणीय क्षति और कठिन परिस्थितियों से भरा रहा।







0 Comments