डेस्क – सारण (बिहार) शादी में दूल्हा घोड़ी चढ़कर आया, बैंड-बाजा बजा, बारातियों ने जमकर जश्न मनाया, सात फेरे भी हो गए और दोनों परिवारों ने विवाह की रस्में भी खुशी-खुशी पूरी कर लीं। लेकिन असली कहानी तो विदाई के वक्त शुरू हुई। सलामी के रुपये गिनने बैठे दूल्हे की ऐसी परीक्षा हुई कि शादी की सारी खुशियां अचानक तनाव में बदल गईं। दूल्हा बार-बार नोट गिनने में गलती करता रहा और यह देखकर दुल्हन के मन में ऐसा शक बैठा कि उसने ससुराल जाने से ही इनकार कर दिया।
मामला सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां मकेर थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र राहुल कुमार की शादी तय हुई थी। 25 नवंबर को राहुल कुमार धूमधाम से बारात लेकर दुल्हन के दरवाजे पहुंचा। स्वागत-सत्कार हुआ, द्वारपूजा हुई और रातभर शादी की रस्में चलती रहीं। सब कुछ सामान्य था। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि सुबह सलामी के चंद नोट पूरे विवाह समारोह का रंग बदल देंगे।
**नोट गिनने की बारी आई तो दुल्हन के उड़ गए होश!**
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह महिलाओं ने परंपरा के अनुसार दूल्हे को सलामी के रुपये दिए। अब दूल्हे राजा को इन नोटों की गिनती करनी थी। लेकिन यहीं कहानी में ट्विस्ट आ गया। दूल्हा रुपये गिनता और बार-बार हिसाब बिगाड़ देता। दोबारा गिनता, फिर गलती! यह सिलसिला देखकर दुल्हन को दूल्हे की समझ-बूझ पर संदेह होने लगा।
दुल्हन के मन में सवाल उठने लगे कि जब दूल्हे को सामान्य रुपये गिनने में इतनी परेशानी हो रही है तो आगे गृहस्थी की जिम्मेदारियां कैसे निभेंगी? बताया जाता है कि इसी बात से नाराज होकर दुल्हन ने साफ शब्दों में कह दिया कि वह ऐसे दूल्हे के साथ ससुराल नहीं जाएगी।
**सात फेरे हुए, लेकिन विदाई पर लग गया ब्रेक!**
दुल्हन के इस फैसले से दोनों परिवारों के लोग हैरान रह गए। जिस घर में कुछ देर पहले तक शहनाइयां बज रही थीं, वहां अचानक विवाद और तनाव का माहौल बन गया। वर पक्ष के लोगों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही।
मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को बुलाना पड़ा। डायल 112 की टीम और मढ़ौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय सरपंच और पंचों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार रिश्ता समाप्त करने पर सहमति बनी।
**उपहार लौटे, रिश्ता टूटा और खाली हाथ लौटी बारात!**
समझौते के तहत वर पक्ष को दिए गए उपहार और अन्य सामान वापस किए गए। इसके बाद दूल्हा राहुल कुमार को बिना दुल्हन के ही बारात लेकर अपने गांव लौटना पड़ा।
अब इस अनोखी शादी की कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। किसी के लिए यह दुल्हन का अपने भविष्य को लेकर लिया गया फैसला है तो किसी के लिए शादी जैसे रिश्ते में छोटी-सी बात का बड़ा विवाद बन जाना।
फिलहाल इस घटना ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि शादी में सात फेरे लेना आसान है, लेकिन जीवनभर का भरोसा जीतना उससे कहीं ज्यादा जरूरी है।







0 Comments