देव भूमि जे के न्यूज,देहरादून, 27 नवंबर।** विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को परेड ग्राउंड परिसर स्थित बॉक्सिंग हॉल में जनपद के लिए नियुक्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन से संबंधित जिम्मेदारियों, प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्वयं प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों एवं कार्मिकों से संवाद किया। उन्होंने निर्वाचन संबंधी दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा विभिन्न प्रक्रियाओं को लेकर उनकी शंकाएं सुनीं और उनका समाधान किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का पावन पर्व है और इसकी गरिमा एवं पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को बोझ न समझें, बल्कि राष्ट्र एवं राज्य के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के अवसर के रूप में लें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा चूक के लिए कोई स्थान नहीं है। सभी अधिकारी निर्वाचन से संबंधित दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं का गंभीरता से अध्ययन करें। किसी भी विषय में संशय होने पर तत्काल अपने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर उसका समाधान करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों एवं बूथों की स्थिति का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग, सड़क से मतदान केंद्र की दूरी, भवन की स्थिति, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ), बिजली, पेयजल, शौचालय, कनेक्टिविटी एवं नेटवर्क की उपलब्धता का विस्तृत आकलन करने को कहा गया।
इसके साथ ही संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, वल्नरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग तथा अन्य आवश्यक निर्वाचन व्यवस्थाओं का आकलन कर विस्तृत डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान प्राप्त जानकारियों का सटीक संकलन एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्वाचन की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नियुक्त 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 तथा 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 264 अधिकारियों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






0 Comments