देवभूमि जे के न्यूज,देहरादून, 12 नवंबर। आगामी शीतकाल एवं संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में राहत, बचाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं आपसी समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निर्धन, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को समय से कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी को दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। प्रत्येक रैन बसेरे के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को देखते हुए खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने पर जोर दिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को पहले से चिह्नित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें नजदीकी चिकित्सालयों के समीप सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सकों की सूची, मोबाइल नंबर और निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण भी व्यवस्थित रखने को कहा, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बर्फबारी के दौरान पर्वतीय मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर सहित नमक एवं चूना जैसे आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने और मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं चालकों की ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया। विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएम ने संभावित मार्ग अवरोध एवं खराब मौसम की स्थिति में पर्यटकों को समय से जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। ऐसे ट्रैक एवं स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जहां खराब मौसम के दौरान पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है।
पशुओं की सुरक्षा के लिए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक दवाइयों एवं उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय बनाने तथा चारा बैंकों में पर्याप्त चारा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतकालीन तैयारियों की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण किया जाए। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए यह सुनिश्चित करें कि शीतलहर, बर्फबारी एवं प्रतिकूल मौसम के दौरान जनपदवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, एनएच, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य उप जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
देवभूमि जेके न्यूज







0 Comments