देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 1 नवंबर 2026। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सोमेश्वर नगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं और आगामी योजनाओं को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने का कार्य, सीवरेज लाइन बिछाने की योजना, कुंभ निधि एवं राज्य योजना के अंतर्गत सड़कों का निर्माण, नई पेयजल लाइन बिछाने तथा मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इनमें से कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त कई अन्य योजनाएं स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं, जिन्हें जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। उनका लक्ष्य ऋषिकेश को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है। क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्यों के लिए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर काम किया जाएगा।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने क्षेत्र में हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए डॉ. अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। वहीं, क्षेत्रीय नागरिकों ने डॉ. अग्रवाल के मंत्री पद से इस्तीफे को क्षेत्र के लिए बड़ी हानि बताते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में पार्षद रेहा ध्यानी, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संचालक प्यारेलाल जुगलान, मुरारी सिंह राणा, दिलीप सिंह बिष्ट, चैत सिंह नेगी, विजयपाल रावत, कुंवर सिंह रावत, नगर कार्यवाह आरएसएस खुशवंत सिंह नेगी, उषा जोशी, बीना देवी, मानसिंह कलुड़ा, संजय ध्यानी, बृजमोहन मनोरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







0 Comments