देव भूमि जे के न्यूज,एकता नगर (केवड़िया), गुजरात। गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में 28 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित भारत पर्व एवं राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 में उत्तराखंड ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विशिष्ट पहचान का शानदार प्रदर्शन किया है। देवभूमि की सांस्कृतिक झलकियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। इस आयोजन में उत्तराखंड की प्रस्तुति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहा।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेलदंए की स्मृति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को समर्पित इस आयोजन में उत्तराखंड पर्यटन, संस्कृति एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल की ओर से राज्य की लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, लोकनृत्य, स्थानीय कला, हस्तशिल्प और विशिष्ट परंपराओं का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है।
30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भ्रमण के दौरान उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने अपने कार्यक्रम और सामूहिक सहभागिता से विशेष प्रभाव छोड़ा। टीम की अनुशासित, उत्साहपूर्ण और समन्वित प्रस्तुति की प्रधानमंत्री ने सराहना की। इससे उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल का उत्साह बढ़ा और राष्ट्रीय मंच पर राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिली।
आयोजन स्थल पर लगाए गए उत्तराखंड पर्यटन विभाग के पवेलियन और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से राज्य की पर्यटन संभावनाओं, पारंपरिक आतिथ्य सत्कार, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे पर्यटक और आगंतुक उत्तराखंड की लोक परंपराओं, हस्तशिल्प और खानपान से रूबरू हो रहे हैं।
इस आयोजन में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समर्पण और टीम भावना के माध्यम से एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने सहभागी दल के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों की सराहना की है।
15 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में उत्तराखंड की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पर्यटन प्रचार गतिविधियां, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन जारी रहेगा। इससे देशभर से आने वाले लोगों को देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को जानने का अवसर मिलेगा।







0 Comments