उत्तराखंड

*रन फॉर यूनिटी में मुख्यमंत्री धामी ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश, युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कीं कई बड़ी घोषणाएं*

देव भूमि जे के न्यूज,देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी…

देव भूमि जे के न्यूज,देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं, खिलाड़ियों और प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने की घोषणा भी की। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित करने की घोषणा की। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण की सुविधा भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।

विधानसभा स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये किए जाएंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये से बढ़ाकर 1,000, 800 और 600 रुपये होगी। वहीं राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1,500 से बढ़ाकर 2,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,000 से बढ़ाकर 1,500 रुपये और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में वर्तमान में शामिल 32 खेलों की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। इसके साथ ही चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने एक सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सबसे पहली पहचान भारतीय होना है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का भी आह्वान किया।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.