देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि कुंभ निधि के अंतर्गत 12 करोड़ रुपये की लागत से छह कार्य तथा राज्य योजना के अंतर्गत 12 करोड़ रुपये की लागत से छह अन्य कार्य स्वीकृत किए गए हैं। राज्य योजना में भट्टोंवाला में पुल निर्माण का कार्य भी शामिल है।
डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं होगा।
उन्होंने जिन मार्गों पर अभी तक पेचवर्क नहीं हुआ है, वहां तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से हॉट रोड, खदरी रोड और रायवाला-अमित ग्राम सहित अन्य मार्गों पर शीघ्र पेचवर्क कराने को कहा।
इसके अलावा श्यामपुर वार्ड नंबर 11, खैरी खुर्द स्थित पांडे प्लॉट एवं मुख्य मार्ग, गुमानीवाला, खांड गांव की सैनिक कॉलोनी और भट्टोंवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़कें विकास की आधारशिला हैं और इनके निर्माण एवं सुधारीकरण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से सभी स्वीकृत कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय पर पूरा करने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बी.एन. द्विवेदी, सहायक अभियंता राजेश चौहान एवं कनिष्ठ अभियंता अभिषेक अरोड़ा उपस्थित रहे।







0 Comments