ऋषिकेश

ऋषिकेश -चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय के पास सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार.

देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 15 अक्टूबर। चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप के पास खुले में पेशाब करने का विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा…

ऋषिकेश -चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय के पास सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार.

देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 15 अक्टूबर। चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप के पास खुले में पेशाब करने का विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा हमला करने के आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात अर्जुन अपनी ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान पंजाब से यात्रियों को बस संख्या HR45D-1271 से लेकर आए मनदीप सिंह ने गेट नंबर-1 के पास पार्किंग में खुले में पेशाब करना शुरू कर दिया। अर्जुन ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान मनदीप सिंह ने बस से धारदार तलवार निकाल ली और अर्जुन के सिर तथा शरीर पर लगातार वार कर दिए। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पार्किंग कर्मचारियों ने बीच-बचाव करते हुए घायल को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में 15 अक्टूबर को घायल अर्जुन के बड़े भाई टीटू, निवासी नई जाटव बस्ती, ऋषिकेश ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 534/2026 दर्ज किया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तलवार बरामद

घटना की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मनदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी ग्राम अलीपुर, वार्ड नंबर-18, रणजीत सिंह कॉलोनी, सरहिन्द रोड, पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में खुले में पेशाब करने का विरोध किए जाने पर अर्जुन से उसका विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने तलवार से अर्जुन पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चमोली और कांस्टेबल शंकर बिल्जवान शामिल रहे।

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.