देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 2/7/2026 –
01जुलाई डॉक्टर दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऋषिकेश द्वारा निर्मल आश्रम अस्पताल में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्लब ने सात जरूरतमंद डायलिसिस मरीजों के उपचार हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया। साथ ही मरीजों को फल एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
-डॉक्टर्स डे पर इनर व्हील क्लब ने व्यक्त की कृतज्ञता, कहा- ‘डॉक्टर देते हैं नया जीवन’
इनर व्हील क्लब द्वारा आयोजित ‘डॉक्टर दिवस’ समारोह में क्लब की अध्यक्षा ऋतु असूजा ने डॉक्टरों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपने अद्वितीय समर्पण और निश्छल सेवा भाव से अनगिनत लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। यह विशेष दिवस समाज के लिए उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करने का एक पावन अवसर है।अध्यक्षा असूजा ने क्लब के संकल्प को दोहराते हुए आगे कहा कि इनर व्हील क्लब का मूल उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा, ऊर्जा और विश्वास का संचार करना भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के निरंतर सहयोग से ऐसे जनकल्याणकारी और सेवा कार्य भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ अनवरत जारी रहेंगे।
इस अवसर पर क्लब द्वारा डायलिसिस के मरीजों को नगद राशि देकर और फल वितरित कर उन्हें स्वस्थ रहने की मंगल कामनाएं की गई।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्षा ऋतु असूजा, सचिव सीमा सिंह, सदस्या रेणु गुप्ता सहित क्लब की अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं। सभी ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई और मरीजों का उत्साहवर्धन किया।







0 Comments