देवभूमि जेके न्यूज,ऋषिकेश,11 जून। गढ़वाल क्षेत्र की प्रमुख मंडी ऋषिकेश में लंबे समय से चली आ रही ट्रांसपोर्ट नगर की मांग के साकार होने की उम्मीद है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में संयुक्त यात्रा बस अड्डा मार्ग पर चार धाम यात्रा पंजीकरण ट्रांजिट कैंप के पास खाली पड़ी वन भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस बाबत जल्द वन मंत्री से वार्ताकर जरुरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा गुरुवार को हरिद्वार रोड स्थित एक वेडिंग पॉइंट में ऋषिकेश ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन समेत शहर की विभिन्न परिवहन और ट्रांसपोर्ट कंपनियों की ओर से उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने परिवहन व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए शहर में जल्द ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा, कमर्शियल वाहनों के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम दोबारा लेकर आ रहे हैं। यही नहीं 2008 से पहले के सभी वाहनों के टैक्स माफ और 2013 के बाद की गाड़ियों पर पेनल्टी पूरी माफ कर दी जाएगी। उत्तराखंड के ट्रक और मालवाहक वाहनों के पर्वतीय क्षेत्र में संचालन को अलग से शासनदेश लेकर आएंगे, परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों पर प्रतिबंध लगेगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि परिवहन व्यवसाय योगनगरी ऋषिकेश की आर्थिकी की रीढ़ है, परिवहन व्यवसाय को बचाने के लिए उनकी समस्याओं का हल निकालना जरूरी है। ऋषिकेश ट्रक आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन सकलानी ने ट्रांसपोर्टरों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं परिवहन मंत्री के समक्ष रखी।
ट्रक ओनर्स एसोसिएशन सचिव और पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा के संचालन चले कार्यक्रम में ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, ऋषिकेश ट्रक ओनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष जगमोहन सकलानी, संयुक्त यात्रा रोटेशन अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज, टीजीएमओ अध्यक्ष जितेंद्र नेगी, गढ़वाल ट्रक आनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश बहुगुणा, यातायात सहकारी संघ अध्यक्ष सुधीर राय, आरटीओ देहरादून सुनील सैनी, एजीएम परिवहन निगम अंजलिका शर्मा रोडवेज परिवहन निगम, एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया, एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, भोपाल सिंह नेगी, हेमंत डंग, बाइक रेंटल एसोसिएशन अध्यक्ष अंकित गुप्ता, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष कुंवर सिंह तड़ियाल, सुरेंद्र गुनसोला, इनोवा टैक्सी यूनियन से जयप्रकाश, नवीन सेमवाल, विजयपाल सिंह रावत, वीरेंद्र भारद्वाज, मनोज ध्यानी, त्रिलोक भंडारी, यशपाल राणा, प्रेमपाल सिंह बिष्ट, बलबीर सिंह रौतेला आदि मौजूद रहे।
यह उठी मुख्य मांगे
पर्वतीय क्षेत्र में संचालित ट्रैकों के साथ भेदभाव नहीं किया जाए, नेशनल परमिट की विसंगति को दूर किया जाए, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और हरियाणा की तर्ज पर उत्तराखंड में भी वार्षिक टैक्स कम किया जाए, हाईवे टैक्स न्यूनतम कर राहत प्रदान करें, वाहनों में लगने वाले जीपीएस को बाजार से खरीदने की छूट दी जाए
कमर्शियल वाहनों के किराए में वृद्धि, डग्गामार वाहनों पर रोक लगाई जाए, शहर सीएनजी पंप की संख्या बढ़ाई जाए
चेकिंग की आड़ में आर्थिक उत्पीड़न!
सम्मान समारोह के दौरान ऋषिकेश ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जगमोहन सकलानी ने आरोप लगाया कि रास्ते में ट्रक, माल वाहक और अन्य कमर्शियल वाहनों की चेकिंग के नाम पर आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने सरकारी सिस्टम पर तंज कसते हुए कहा कि पहले होमगार्ड, फिर पुलिस, फिर चीता पुलिस, फिर काली वर्दी वाले का डंडा वाहन चालक पर पड़ता है, इस पर रोक लगाई जाए और चेकिंग का अधिकार सिर्फ परिवहन विभाग को ही दिया जाए।
कार्यक्रम की वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-






0 Comments