*कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून के कुठाल गेट तथा सांई मंदिर जंक्शन क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्यों का किया लोकार्पण*
देवभूमि जे के न्यूज़- जयकुमार तिवारी-
देहरादून के कुठाल गेट तथा सांई मंदिर जंक्शन क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। यह महत्वपूर्ण परियोजनाएँ देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड एवं ज़िला प्रशासन देहरादून द्वारा सफलतापूर्वक पूर्ण की गई हैं, जिनका उद्देश्य शहर की मूलभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति को आधुनिक स्वरूप में संरक्षित एवं संवर्धित करना है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक शहरी विकास और सांस्कृतिक विरासत—दोनों को संतुलित रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मा. कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद
नरेश बंसल तथा अनेक सम्मानित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री सुबोध उनियाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों, इंजीनियरों और स्थानीय नागरिकों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और आशा व्यक्त की कि ये परियोजनाएँ शहर के सौंदर्य तथा सुविधा दोनों को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएँगी।
देवभूमि जे के न्यूज़-
नगरपालिका परिषद नरेंद्रनगर में आज 4184.87 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जाने वाले आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भूमिपूजन कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा किया गया। यह परियोजना नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करते हुए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्लांट के पूर्ण होने के बाद नरेंद्रनगर नगरपालिका क्षेत्र के गंदे पानी (सीवेज) को वैज्ञानिक ढंग से शुद्ध किया जाएगा, जिससे उसे नदियों, नालों एवं अन्य जलस्रोतों में प्रवाहित करने से पहले पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सकेगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण सिद्ध होगी और क्षेत्र के समग्र वातावरण को और अधिक स्वच्छ तथा अनुकूल बनाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्रनगर को प्रदेश की अग्रणी पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के हमारे संकल्प को यह परियोजना एक नई गति प्रदान करेगी। नगर में सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं का तेज़ी से विस्तार और पाँच सितारा सुविधाओं का आगमन इस क्षेत्र में भविष्य की अपार संभावनाओं का संकेत है।
कैबिनेट मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह एसटीपी परियोजना नरेंद्रनगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यटन के अनुकूल शहर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

