देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 4 नवंबर 2026। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में सीवरेज परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एस.के. वर्मा के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में संचालित सीवरेज कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सीवरेज परियोजना के तीन पैकेजों पर कार्य गतिमान है, जबकि एक पैकेज की टेंडर प्रक्रिया चल रही है और एक अन्य पैकेज शासन स्तर पर लंबित है। इस पर डॉ. अग्रवाल ने तीनों संचालित पैकेजों के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण इसी माह के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने देहरादून रोड, प्रगति विहार, मेन रोड, खदरी, बापू ग्राम और 20 बीघा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों की सड़कों को शीघ्र पूर्व स्थिति में लाने को कहा।
उन्होंने कहा कि सीवरेज जैसी महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा का विकास शहर के लिए आवश्यक है, लेकिन विकास कार्यों के नाम पर आमजन को लंबे समय तक परेशानी में नहीं रखा जा सकता। सड़कों की खुदाई के बाद उन्हें क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़ना उचित नहीं है। इससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सड़कों का पुनर्निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीवरेज परियोजना के कार्यों के साथ-साथ आमजन की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।







0 Comments