देवभूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश, 13 सितंबर। श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर न्यू स्टार क्लब ऋषिकेश एवं श्री गणपति सेवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 16 सितंबर तक तीन दिवसीय छठे गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में आयोजित होने वाले महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न भजन संध्याओं का आयोजन होगा। महोत्सव में ऋषिकेश नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 15 सितंबर को शाम 7 बजे आयोजित होने वाली ‘रुद्र राग—श्री महाकाल संध्या’ होगी। न्यू स्टार क्लब के संस्थापक के.के. सचदेवा ने बताया कि इस विशेष संध्या में दिल्ली के टी-सीरीज फेम नितिन चक्रधारी एवं उनकी टीम द्वारा भगवान महाकाल को समर्पित भव्य भजन एवं संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
के.के. सचदेवा ने बताया कि न्यू स्टार क्लब द्वारा ऋषिकेश में समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। क्लब का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को एकजुट करना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।
श्री गणेश महोत्सव के मुख्य आयोजक आलोक चावला ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर को प्रातः 11 बजे गणपति मूर्ति स्थापना एवं श्री गणेश वंदना के साथ होगा। इसके बाद शाम 7 बजे पद्म जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं अमरजीत सिंह बिजली, दिल्ली द्वारा माता की चौकी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को अनुष्का अधिष्ठा द्वारा खाटू श्याम भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इसी दिन शाम 7 बजे होने वाली ‘रुद्र राग—श्री महाकाल संध्या’ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
16 सितंबर को गणपति जी की आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद सिक्का विहान द्वारा जय गुरु जी का सत्संग आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही तीन दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन होगा।
आलोक चावला ने बताया कि महोत्सव में विश्व हिंदू महासंघ का विशेष सहयोग रहेगा। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सुरेंद्रनाथ अवधूत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरित अग्रवाल तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री विक्रम गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव के आयोजन में राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन, न्यू स्टार क्लब, जय गुरु जी संगत, श्री खाटू श्याम परिवार, गंगेश्वर घाट 72 सीढ़ी, मां जानकी रसोई एवं जगन्नाथ आश्रम सहित विभिन्न संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहेगा।
गणेश महोत्सव को लेकर आयोजकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आशीर्वाद वाटिका पहुंचकर भगवान गणेश की आराधना करने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।







0 Comments