देवभूमि जे के न्यूज –
उत्तराखंड की कत्यूर घाटी में गोमती और गरुड़ गंगा के पावन संगम पर स्थित बैजनाथ मंदिर समूह केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि प्राचीन इतिहास, अद्भुत स्थापत्य कला और पौराणिक मान्यताओं का अनमोल धरोहर स्थल भी है। बागेश्वर जिले में स्थित यह ऐतिहासिक मंदिर समूह सदियों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता रहा है।
स्थानीय लोकमान्यता के अनुसार बैजनाथ मंदिर का निर्माण एक ही रात में दिव्य शक्तियों द्वारा किया गया था। हालांकि ऐतिहासिक दृष्टि से यह मंदिर समूह कत्यूरी राजवंश की स्थापत्य कला और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रमाण माना जाता है।
स्कन्दपुराण के मानसखंड के 71वें अध्याय में वैद्यनाथ क्षेत्र की महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव ने माता पार्वती को इस क्षेत्र की महत्ता बताते हुए कहा था कि हिमालय की रमणीय भूमि पर गोमती और गरुड़ गंगा के संगम के मध्य उनका परम पवित्र वैद्यनाथ क्षेत्र स्थित है। इस स्थान को सिद्धों, गंधर्वों और ऋषि-मुनियों द्वारा सेवित बताया गया है।
**शिव-पार्वती के विवाह से जुड़ी है विशेष मान्यता**
बैजनाथ धाम की सबसे विशिष्ट धार्मिक मान्यता भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह से जुड़ी है। स्कन्दपुराण के मानसखंड में वर्णित प्रसंग के अनुसार भगवान शिव ने माता पार्वती से कहा कि पृथ्वी पर वैद्यनाथ के समान उनका कोई दूसरा स्थान नहीं है, क्योंकि इसी स्थान पर उनका पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ था। मान्यता है कि इस दिव्य विवाह के साक्षी बनने के लिए तैंतीस कोटि देवताओं सहित ब्रह्मा, विष्णु और ब्रह्मर्षि यहां उपस्थित हुए थे।
पुराण में यह भी उल्लेख मिलता है कि गोमती और गरुड़ गंगा के संगम पर स्थित वैद्यनाथ शिवलिंग के दर्शन और पूजन से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
**कत्यूरी राजवंश की स्थापत्य कला का अद्भुत नमूना**
ऐतिहासिक दृष्टि से बैजनाथ क्षेत्र प्राचीन कार्तिकेयपुर के नाम से प्रसिद्ध था और कत्यूरी राजवंश के शासनकाल में इसका विशेष महत्व रहा। वर्तमान मंदिर समूह का निर्माण मध्यकाल में कत्यूरी शासकों के संरक्षण में हुआ। मंदिर उत्तर भारतीय नागर स्थापत्य शैली में निर्मित हैं। पत्थरों को बेहद सटीकता से जोड़कर बनाए गए इन मंदिरों की वास्तुकला आज भी लोगों को आश्चर्यचकित करती है।
मुख्य वैद्यनाथ मंदिर सहित परिसर में लगभग 18 छोटे-बड़े मंदिर स्थित हैं। इनमें भगवान गणेश, माता पार्वती, चंडिका, कुबेर, सूर्य और कार्तिकेय सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। मंदिर परिसर में मौजूद प्राचीन मूर्तियां उस समय की उत्कृष्ट शिल्पकला और धार्मिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत करती हैं।
**संगम क्षेत्र में अनेक पौराणिक तीर्थों का उल्लेख**
स्कन्दपुराण के मानसखंड में वैद्यनाथ क्षेत्र के आसपास अनेक तीर्थों का भी वर्णन किया गया है। इनमें सूर्यतीर्थ, बिन्दुमाधव क्षेत्र, ब्रह्मतीर्थ, चन्द्रतीर्थ, ऋषितीर्थ, बाणतीर्थ और गारुडीतीर्थ प्रमुख हैं। पुराण में गुप्त सरस्वती के प्रवाह और त्रिवेणी संगम पर माता पार्वती के नवविवाहिता स्वरूप के पूजन का भी उल्लेख मिलता है।
मान्यता है कि इन तीर्थों में स्नान, पूजन और पितृकार्य करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य प्राप्त होता है। भगवान शिव द्वारा माता पार्वती को सुनाई गई यह तीर्थ महिमा बैजनाथ क्षेत्र की धार्मिक प्रतिष्ठा को और विशिष्ट बनाती है।
**प्रकृति और अध्यात्म का अनुपम संगम**
आज भी बैजनाथ मंदिर परिसर में पहुंचने पर प्राचीन पाषाण मंदिर, गोमती नदी की निर्मल धारा, पहाड़ों की हरियाली और हिमालय की मनोहारी छटा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराती है। नदी में तैरती मछलियां और मंदिरों की घंटियों की गूंज यहां के वातावरण को और आकर्षक बना देती है।
बैजनाथ धाम उत्तराखंड की उस गौरवशाली विरासत का प्रतीक है, जहां इतिहास, लोकश्रुति, पुराण और प्रकृति एक साथ जीवंत दिखाई देते हैं। भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह की मान्यता से जुड़ा यह पावन स्थल आज भी देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।
(रमाकान्त पन्त-विभूति फीचर्स)







0 Comments