देव भूमि जे के न्यूज,ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश ने शैक्षणिक गुणवत्ता, कौशल विकास एवं अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। परिसर और हिमाचल प्रदेश के पालमपुर स्थित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थान CSIR-Institute of Himalayan Bioresource Technology (CSIR-IHBT) के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से हुए इस समझौते को विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
एमओयू के तहत श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के विद्यार्थियों को CSIR-IHBT पालमपुर में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विद्यार्थी आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों से जुड़ सकेंगे। इससे उन्हें अपने विषय का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के साथ-साथ भविष्य में शोध एवं वैज्ञानिक क्षेत्र में करियर बनाने के नए अवसर मिलेंगे।
इस समझौते को साकार करने में CSIR-IHBT पालमपुर के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव तथा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के निदेशक प्रो. एम.एस. रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के IQAC निदेशक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा, संयुक्त निदेशक IQAC डॉ. गौरव वार्ष्णेय तथा उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत बिष्ट उपस्थित रहे। वहीं CSIR-IHBT पालमपुर की ओर से प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अमित चावला एवं डॉ. सुखनिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि CSIR-IHBT पालमपुर देश का एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थान है, जहां हिमालयी जैव संसाधनों, जैव प्रौद्योगिकी और विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में अनुसंधान एवं विकास के कार्य किए जाते हैं। संस्थान में एग्रोटेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, केमिकल टेक्नोलॉजी, डायटेटिक्स एवं न्यूट्रिशन टेक्नोलॉजी, एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजी तथा फर्मेंटेशन एवं फाइटोफार्मिंग टेक्नोलॉजी सहित छह प्रमुख विभाग संचालित हैं।
इस एमओयू से दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान, कौशल विकास और ज्ञान के आदान-प्रदान को नई दिशा मिलेगी। विशेष रूप से माइक्रोबायोलॉजी के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुसंधान संस्थान में कार्य करने, आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं अनुसंधान पद्धतियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।
परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत ने इस पहल को विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं IQAC निदेशक प्रो. गुलशन कुमार ढींगरा ने कहा कि इस प्रकार के संस्थागत समझौते विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे।
विश्वविद्यालय की यह पहल उच्च शिक्षा को प्रयोगात्मक ज्ञान, वैज्ञानिक अनुसंधान और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।







0 Comments