धर्म-कर्म

*छठ के गीतों में रची-बसी लोकसंस्कृति, आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव*

देवभूमि जे के न्यूज -छठ केवल सूर्योपासना का महापर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकजीवन की सांस्कृतिक स्मृतियों, पारिवारिक आत्मीयता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम उत्सव है। कार्तिक…

देवभूमि जे के न्यूज -छठ केवल सूर्योपासना का महापर्व नहीं, बल्कि भारतीय लोकजीवन की सांस्कृतिक स्मृतियों, पारिवारिक आत्मीयता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम उत्सव है। कार्तिक मास में जब सुबह और शाम छठ के पारंपरिक गीतों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती हैं, तो पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और लोकसंस्कृति के रंग में रंग जाता है। इन गीतों में गांव की मिट्टी की सुगंध, घर-आंगन की आत्मीयता और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं की जीवंत झलक दिखाई देती है।

बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू हुई छठ गीतों की परंपरा आज देश-विदेश तक पहुंच चुकी है। महानगरों की ऊंची इमारतों से लेकर विदेशों में बसे प्रवासी भारतीयों के नदी और तालाबों के किनारों तक छठ के गीत लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। ये गीत भौगोलिक दूरियों को मिटाकर सांस्कृतिक पहचान और पारिवारिक स्मृतियों को जीवित रखते हैं।

भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका जैसी लोकभाषाओं में रचे गए छठ गीतों की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सहजता है। ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’ और ‘केरवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेंडराय’ जैसे गीतों में छठ की तैयारियों, प्रकृति और लोकविश्वासों का सुंदर चित्रण मिलता है।

छठ गीतों में महिलाओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। व्रत की तैयारी, प्रसाद निर्माण, घाटों तक पहुंचने और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने के साथ महिलाएं इस परंपरा की प्रमुख संवाहक भी हैं। गीतों में मां की ममता, बहन का स्नेह और बेटी की मायके से जुड़ी स्मृतियां सहज रूप से अभिव्यक्त होती हैं।

छठ गीतों को व्यापक पहचान दिलाने में विंध्यवासिनी देवी का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने भोजपुरी, मैथिली और मगही की लोकधुनों को सहेजने और रिकॉर्डिंग एवं प्रसारण के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके बाद शारदा सिन्हा ने अपनी मधुर आवाज से छठ गीतों को देशव्यापी पहचान दिलाई। ‘पहिले-पहिल हम कईनी, छठी मइया व्रत तोहार’ जैसे गीत आज भी छठ महापर्व की पहचान बने हुए हैं। उनकी आवाज पर्व के अवसर पर घरों और घाटों पर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर देती है। उनके निधन के बाद भी उनकी गायकी लोकस्मृति में अमर है।

इस परंपरा को आगे बढ़ाने में भरत शर्मा व्यास, अनुराधा पौडवाल, विजया भारती, रंजना झा, बेला सुलेखा और कल्पना पटवारी जैसे कलाकारों का भी योगदान रहा है। समकालीन दौर में चंदन तिवारी ने लोकगीतों और पारंपरिक धुनों के संरक्षण के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। गायिका देवी, मैथिली ठाकुर और मनीषा श्रीवास्तव जैसी कलाकारों ने भी नई पीढ़ी तक लोकसंगीत की विरासत पहुंचाने का काम किया है।

हालांकि आधुनिक दौर में छठ गीतों के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। बाजारवाद और मनोरंजन की प्रतिस्पर्धा में कई बार पारंपरिक गीतों की मूल भावना पीछे छूट जाती है। तेज संगीत, अनावश्यक शोर और भड़कीली प्रस्तुतियों के बीच लोकगीतों की सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। आधुनिक तकनीक का उपयोग हो, लेकिन लोकभाषा, पारंपरिक धुन और गीतों की मौलिकता सुरक्षित रहनी चाहिए।

छठ के गीत सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश देते हैं। घाटों की सफाई से लेकर पूजा की व्यवस्था तक समाज के सभी वर्ग मिलकर योगदान देते हैं। ठेकुआ, फल और पारंपरिक प्रसाद के साथ इस पर्व का सबसे बड़ा संदेश एक-दूसरे के सुख, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करना है।

इस महापर्व का प्रकृति संरक्षण से भी गहरा संबंध है। सूर्य, जल, मिट्टी, फल और वनस्पति के प्रति कृतज्ञता छठ की मूल भावना में समाहित है। आज जब नदियां प्रदूषण और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रही हैं, तब छठ का पर्व हमें जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है। आस्था तभी सार्थक होगी, जब हम उसकी भावना को अपने व्यवहार में भी उतारें।

डिजिटल माध्यमों ने छठ गीतों को विश्वभर में लोकप्रिय बनाया है। प्रवासी परिवार इन गीतों के माध्यम से अपनी मातृभूमि, भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहते हैं। नई पीढ़ी के लिए ये गीत अपनी परंपराओं को समझने और उनसे जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

वास्तव में छठ के गीत लोकजीवन की आत्मा हैं। इनमें मां की ममता, परिवार का स्नेह, प्रकृति का सम्मान और सूर्यदेव के प्रति अटूट आस्था समाहित है। विंध्यवासिनी देवी और शारदा सिन्हा से लेकर आज के युवा लोक कलाकारों तक अनेक पीढ़ियों ने इस सांस्कृतिक धरोहर को अपने स्वर से समृद्ध किया है।

जब घाटों पर ‘उग हो सुरुज देव, भइल अरघ के बेर’ की मधुर धुन गूंजती है, तब वह केवल पूजा का आह्वान नहीं, बल्कि जीवन के प्रति विश्वास, आशा और कृतज्ञता का सामूहिक स्वर बन जाती है। समय और पीढ़ियां बदल सकती हैं, लेकिन छठ गीतों की मिठास और लोकसंस्कृति की सुगंध सदैव बनी रहेगी।

(कुमार कृष्णन – विभूति फीचर्स)

Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1 Static 1
Discussion

0 Comments

Join the conversation

Share your view on this story. Your email address will not be published.