देवभूमि जे के न्यूज (जय कुमार तिवारी)हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गौसेवा, गोवंश संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला के संस्थापक अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, निराश्रित गोवंश के संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौमाता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौमाता को सर्वदेवमयी माना गया है। गांवों में आज भी गौमाता को परिवार का सदस्य मानकर उनकी सेवा की जाती है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
11 गोवंश से शुरू हुई सेवा यात्रा, आज पांच राज्यों में 35 हजार से अधिक गोवंश का संरक्षण
श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा अपने आप में प्रेरणादायी उदाहरण है। संस्था से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत हुई थी। सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुआ यह प्रयास आज एक व्यापक सेवा आंदोलन का स्वरूप ले चुका है।
संस्था वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण कर रही है। यह यात्रा केवल गौशालाओं के विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि उन हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने का संकल्प है, जिन्हें अक्सर सड़कों पर बेसहारा छोड़ दिया जाता है।
हरिद्वार में भी संस्था द्वारा बड़ी संख्या में निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। इनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं। ऐसे गोवंश की देखभाल करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है, क्योंकि उन्हें नियमित भोजन, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित आवास और निरंतर चिकित्सकीय देखरेख की आवश्यकता होती है। संस्था इन सभी जिम्मेदारियों को सेवा और समर्पण के भाव से निभा रही है।
संस्थापक अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास जी महाराज ने गौसेवा को बताया मानवता की सच्ची साधना
कार्यक्रम में श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला के संस्थापक अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास जी महाराज ने गौसेवा के महत्व और संस्था की सेवा यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने गौमाता की सेवा को सनातन संस्कृति, करुणा, संवेदना और मानवता से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
उन्होंने कहा कि निराश्रित, घायल, बीमार और वृद्ध गोवंश को संरक्षण देना समाज का सामूहिक दायित्व है। वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के साथ शुरू हुआ सेवा संकल्प आज हजारों गोवंश के संरक्षण का व्यापक अभियान बन चुका है। इस यात्रा में संतों का आशीर्वाद, गौसेवकों का समर्पण, सहयोगियों की सहभागिता और समाज का विश्वास महत्वपूर्ण रहा है।
स्वामी ईश्वरदास जी महाराज ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल गौशालाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि गोवंश को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित आश्रय, पौष्टिक आहार और समुचित चिकित्सा उपलब्ध कराना है। गौसेवा के साथ जरूरतमंदों को भोजन, राशन और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर मानव सेवा को भी इस अभियान से जोड़ा गया है।
उन्होंने कामधेनुलोक को गौसंरक्षण, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सेवा के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की भावना व्यक्त की। इस प्रकार गौसेवा के साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना संस्था की सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
गौसेवा के साथ मानव सेवा में भी अग्रणी है संस्था
श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की विशेषता यह है कि संस्था ने अपनी सेवा गतिविधियों को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि मानव सेवा को भी अपने अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है।
संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को दुर्घटनाओं, असहाय परिस्थितियों और गंभीर संकट से बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। सड़क पर घायल पड़े गोवंश को सुरक्षित उठाकर उपचार के लिए ले जाना कठिन कार्य होता है। इसके लिए विशेष उपकरणों और प्रशिक्षित सेवकों की आवश्यकता होती है। हाइड्रोलिक एम्बुलेंस की व्यवस्था इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा, पौष्टिक आहार, स्वच्छ पानी और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है। बीमार और घायल गोवंश के उपचार के साथ वृद्ध गोवंश को भी संरक्षण दिया जा रहा है, ताकि जीवन के अंतिम पड़ाव में उन्हें किसी प्रकार की उपेक्षा का सामना न करना पड़े।
मानव सेवा के अंतर्गत संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी प्रदान कर रही है। इस प्रकार गौसेवा और मानव सेवा का समन्वय संस्था की कार्यप्रणाली को व्यापक सामाजिक स्वरूप प्रदान करता है।
गौसंरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक खेती से जोड़ने पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख तथा गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी एवं अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश से प्राप्त गोबर और अन्य उत्पादों का उपयोग जैविक खाद, बायोगैस और प्राकृतिक खेती में किया जा सकता है। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, किसानों की आय में सुधार लाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। गौसंरक्षण को कृषि और ग्रामीण विकास से जोड़ना दीर्घकालिक समाधान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उत्तराखंड में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित गौसंरक्षण योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान में 72 पंजीकृत एवं 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जिससे गांवों के स्तर पर गौसेवा और गोवंश संरक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में केवल गौशालाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता एवं गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कुंभ-2027 की तैयारियों में भी आध्यात्मिक पहचान और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कुंभ मेले के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को एक-दूसरे से जोड़ना भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी।
मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े सभी संतों, सेवकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, संस्था से जुड़े पदाधिकारी, गौसेवक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण केवल एक नई गौशाला का शुभारंभ नहीं, बल्कि गौसेवा, जीवों के प्रति करुणा, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला का 11 गोवंश से शुरू होकर हजारों गोवंश तक पहुंचा सेवा अभियान इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, सामूहिक सहयोग और निरंतर समर्पण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।













0 Comments