देवभूमि जे के न्यूज,डोईवाला, 13 नवंबर। हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) के संस्थापक ब्रह्मलीन डॉ. स्वामी राम का 31वां महासमाधि दिवस स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट परिसर में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने डॉ. स्वामी राम को नमन करते हुए कहा कि वे विश्व की धरोहर हैं और मानवता की सेवा ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य रहा।
मुख्य अतिथि डॉ. कैलाशानंद गिरी ने कहा कि डॉ. स्वामी राम ने अध्यात्म, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उनका जीवन दर्शन आज भी मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करता है। सच्ची साधना वही है, जो मानव सेवा से जुड़ी हो।
एचआईएचटी की अध्यक्षीय समिति के सदस्य एवं एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने डॉ. स्वामी राम से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए संस्थान की गौरवमयी यात्रा और सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामी राम की विचारधारा ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ और मानव सेवा के आदर्शों से प्रेरित होकर संस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण स्वामी राम मानवता पुरस्कार-2026 रहा। इस वर्ष यह प्रतिष्ठित सम्मान सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित ‘पहाड़’ फाउंडेशन, नैनीताल को प्रदान किया गया। संस्था को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र एवं गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से प्रो. गिरिजा पांडे और डॉ. पूरण बिष्ट ने पुरस्कार ग्रहण किया।
वर्ष 2003 से एचआईएचटी देशभर में आर्थिक, पर्यावरण, विज्ञान, सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं अथवा व्यक्तियों को यह पुरस्कार प्रदान कर रहा है। यह सम्मान डॉ. स्वामी राम की मानव सेवा की भावना को समर्पित है।
‘पहाड़’ फाउंडेशन वर्ष 1982 से हिमालय के प्रति बौद्धिक, भावनात्मक और शोधपरक जुड़ाव के साथ कार्य कर रहा है। उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं तथा चिपको आंदोलन की चेतना से प्रेरित संस्था हिमालयी समाज, प्रकृति, पर्यावरण और संस्कृति को वैज्ञानिक एवं बहुविषयक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास कर रही है। संस्था की द्विवार्षिक पत्रिका ‘पहाड़’ के 20 से अधिक अंक प्रकाशित हो चुके हैं। पुस्तकों, पोस्टरों और मानचित्रों के माध्यम से भी संस्था हिमालयी ज्ञान, लोकसंस्कृति और पर्यावरणीय मुद्दों को जनसामान्य तक पहुंचा रही है।
इस अवसर पर संस्थान के 37 कर्मचारियों को ‘उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया। इनमें टीचर ऑफ द ईयर डॉ. सनोबर वसीम, रिसर्चर ऑफ द ईयर डॉ. विजय कुमार, क्लीनिशियन अवॉर्ड में डॉ. प्रिया रामाकृष्णन एवं डॉ. मोहम्मद अकरम शामिल रहे। इसके अलावा प्रशासनिक, नर्सिंग, एलाइड हेल्थकेयर, कार्यालय, सपोर्टिंग स्टाफ तथा क्लीन एंड ग्रीन सर्विस श्रेणियों में भी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में संस्थान के वार्षिक कैलेंडर-2027 का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन गरिमा कपूर ने किया तथा अंत में डॉ. विजेंद्र चौहान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह के समापन पर आयोजित भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्वामी राम सेंटर में अर्पित की श्रद्धांजलि
मुख्य अतिथि डॉ. कैलाशानंद गिरी ने स्वामी राम सेंटर पहुंचकर ब्रह्मलीन डॉ. स्वामी राम को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके जीवन दर्शन और मानव सेवा में दिए गए योगदान को याद किया तथा सेंटर में उनके जीवन एवं सेवा कार्यों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
हिम्स जौलीग्रांट में अत्याधुनिक डायबिटीज फुट लैब का शुभारंभ
महासमाधि दिवस के अवसर पर हिम्स जौलीग्रांट में अत्याधुनिक डायबिटीज फुट लैब का शुभारंभ एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने किया। उन्होंने कहा कि मधुमेह के कारण पैरों की नसों और रक्त संचार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। समय पर जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है।
सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नौटियाल ने बताया कि लैब में पैरों की संवेदनशीलता, नसों की कार्यक्षमता और रक्त संचार की जांच की जाएगी। इससे डायबिटिक फुट, घाव और संक्रमण के खतरे की शुरुआती पहचान संभव होगी। विश्व डायबिटीज दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को डायबिटीज फुट संबंधी जांच निशुल्क की जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व कुलाधिपति तान श्री दतुक डॉ. मोहन स्वामी, विक्रम सिंह, कुलपति डॉ. प्रसाद वाडेगावकर, डॉ. प्रकाश केशवया, डॉ. सुनील सैनी, डॉ. रेनू धस्माणा सहित संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
— देवभूमि जेके न्यूज









0 Comments